गोद भराई की खुशी बदली मातम में
इटावा के ऊसराहार थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्राम क्योंता सरैया में तालाब किनारे खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान ओम बाबू उर्फ नीलू के रूप में हुई है, जो गांव के प्रधान का भतीजा और अपने पिता का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि घटना से ठीक एक दिन पहले ही परिवार में गोद भराई का कार्यक्रम हुआ था और खुशियों का माहौल था, लेकिन रस्म के दूसरे ही दिन यह खुशी मातम में बदल गई। शव के पास एक तमंचा मिला है और शरीर पर गोली लगने के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला पूरी तरह संदिग्ध हो गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर मौके पर पहुंची ऊसराहार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हमें फेसबुक पर लाइक करें, ट्विटर पर फॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब्ड करें ताकि आप ताजा खबरें और लाइव अपडेट्स प्राप्त कर सकें| और यदि आप विस्तार से पढ़ना चाहते हैं तो https://pinewz.com/hindi से जुड़े और पाए अपने इलाके की हर छोटी सी छोटी खबर|