Back
लोधेश्वर मंदिर विवाद: CCTV फुटेज से खुलासा, दो गिरफ्तार!
NSNITIN SRIVASTAVA
FollowJul 12, 2025 07:36:22
Barabanki, Uttar Pradesh
Barabanki Story - लोधेश्वर मंदिर विवाद में नया मोड़, CCTV फुटेज में मारपीट साफ, दो गिरफ्तार
बाराबंकी जिले में रामनगर थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक लोधेश्वर महादेव मंदिर में दलित युवक से मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी के मामले में पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। अब इस मामले में मंदिर परिसर के CCTV फुटेज सामने आ चुके हैं, जिसमें पुजारी पक्ष के कुछ लोग पीड़ित युवक के साथ मारपीट करते हुए स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं। इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार शाम मंदिर दर्शन के दौरान हुए विवाद में पीड़ित शैलेंद्र प्रताप गौतम की ओर से रामनगर थाने में शिकायत दी गई थी। पहले की जांच में पुलिस को दर्शन से रोके जाने या जातिसूचक टिप्पणी किए जाने का कोई प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिला था, लेकिन शुक्रवार को CCTV फुटेज मिलने के बाद तस्वीर बदल गई। अब वीडियो में यह पुष्टि होती है कि पीड़ित के साथ मारपीट हुई है।
विकास चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि CCTV फुटेज के विश्लेषण और घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर पुजारी पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के साथ ही अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि यह घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे की है जब पीड़ित दर्शन के लिए महादेव मंदिर गया था। मामले की सूचना शुक्रवार को थाने पहुंची और जांच के बाद शाम को FIR की पुष्टि हुई। गिरफ्तार आरोपियों में अखिल तिवारी और शुभम तिवारी शामिल हैं। पुलिस अब पूरे मामले की तकनीकी जांच कर रही है और CCTV फुटेज को भी सबूत के तौर पर केस फाइल में संलग्न किया गया है।
बता दें, महादेव मंदिर के पास ही रहने वाले पीड़ित शैलेंद्र प्रताप गौतम ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि मंदिर में पूजा के दौरान पुजारी पक्ष के अखिल तिवारी, शुभम तिवारी और आदित्य तिवारी ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहे और पूजा से रोका। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। वहीं पुजारी पक्ष से आदित्य तिवारी ने पलटवार करते हुए कहा था कि शैलेंद्र ने उनकी बहू पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिससे विवाद शुरू हुआ था। फिलहाल पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
बाइट- विकास चन्द्र त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी।
14
Report
हमें फेसबुक पर लाइक करें, ट्विटर पर फॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब्ड करें ताकि आप ताजा खबरें और लाइव अपडेट्स प्राप्त कर सकें| और यदि आप विस्तार से पढ़ना चाहते हैं तो https://pinewz.com/hindi से जुड़े और पाए अपने इलाके की हर छोटी सी छोटी खबर|
Advertisement