शुक्रवार को आकांक्षी ब्लॉक हलिया के मुख्यालय पर विशेष सचिव के आगमन पर खंड विकास अधिकारी विजय शंकर त्रिपाठी ने गणेश प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया। विशेष सचिव ने ब्लॉक कार्यालय पहुंचते ही 48 बिंदुओं पर विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों से बिंदुवार जानकारी ली।समीक्षा बैठक के बाद वे भटवारी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे, जहां अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम में भाग लिया तथा परिसर में दो आम के पौधों का रोपण भी किया। इसके उपरांत उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया का निरीक्षण कर महिला वार्ड, पुरुष वार्ड, आपातकालीन वार्ड और जर्जर भवन की स्थिति का जायजा लिया।
खंड विकास अधिकारी द्वारा प्रस्तुत अभिलेखों से विशेष सचिव संतुष्ट दिखे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हलिया ब्लॉक का डाटा संतोषजनक है और विकास की दिशा में अच्छा कार्य हो रहा है।