हाथरस में सैनिक की गोली मारकर हत्या, हाईवे पर हमलावरों ने की फायरिंग पुलिस-फॉरेंसिक टीम पहुंची
हाथरस रोड पर गुरुवार को भारतीय सेना के एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सादाबाद थाना क्षेत्र में मुन्नी देवी कोल्ड स्टोरेज के पास हाईवे पर हुई। जानकारी के अनुसार, दो बाइक सवार हमलावरों ने कार में सवार सैनिक पर फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए सैनिक ने अपनी कार छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर नजदीक से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सादाबाद कोतवाली पुलिस के साथ-साथ अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा और सीओ अमित पाठक मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। सैनिक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है और मृतक सैनिक के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। मृतक की पहचान सादाबाद के गांव समदपुर निवासी अखिलेश 28 वर्ष पुत्र देवेंद्र सिंह के रुप में हुई। वह आगरा कैंट में मिलिट्री की इंजीनियरिंग विंग में तैनात था। उसके पिता भी फौज में थे और वह रिटायर हो चुके हैं। इस समय वह जम्मू कश्मीर में अपने दामाद के पास गए हुए हैं। इस घटना में अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की पूरे क्षेत्र में फायरिंग की आवाज सुनकर दहशत का माहोल बन गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तालाश में जुट गई है।
For breaking news and live news updates, like us on Facebook or follow us on Twitter and YouTube . Read more on Latest News on Pinewz.com