204101
हाथरस के जिला अस्पताल में डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही, 4 साल के बच्चे के गलत हाथ पर कर दिया प्लास्टर
Hathras, Uttar Pradesh:हाथरस के जिला बागला अस्पताल में डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एक चार वर्षीय बच्चे के उल्टे हाथ की उंगली में फ्रैक्चर होने के बावजूद चिकित्सकों ने उसके सीधे हाथ पर प्लास्टर कर दिया। परिजनों ने इस गंभीर लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए थाना हाथरस गेट में शिकायत की है और संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह घटना बृहस्पतिवार दोपहर मुरसान ब्लॉक के अहवरनपुर गांव में हुई। चार वर्षीय हर्ष अपने घर पर खेल रहा था, तभी उसके हाथ की उंगली में चोट लग गई। चोट लगने के बाद उसके परिजन उसे उपचार के लिए जिला बागला अस्पताल लेकर आए। अस्पताल में बच्चे का एक्स-रे कराया गया, जिसमें उसकी उल्टे हाथ की उंगली में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों ने एक्स-रे और प्लास्टर के लिए 70 रुपये फीस भी ली। इसके बाद बच्चे के हाथ पर प्लास्टर किया गया। प्लास्टर होने के बाद हर्ष का चाचा उसे लेकर गांव अहवरनपुर लौट आया। घर पहुंचने पर बच्चा लगातार रो रहा था। जब उसके पिता कन्हैया ने बच्चे के हाथ की जांच की, तो उन्हें पता चला कि चिकित्सकों ने लापरवाही से चोटिल उल्टे हाथ की बजाय उसके सीधे हाथ पर प्लास्टर कर दिया है। इस गंभीर त्रुटि को देखकर परिवार के सदस्यों में भारी रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने तत्काल चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाना हाथरस गेट में पुलिस से शिकायत की है। परिजनों का कहना है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार चिकित्सक पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।0
0
Report
204101
हाथरस में रुहेरी चौराहे पर दबंगों का कहर, युवक को लात-घूंसों से पीटा, बीच-बचाव करने वाले का फोड़ा सिर
Iglas, Uttar Pradesh:हाथरस गेट क्षेत्र के रुहेरी चौराहे पर दबंगई का खुला खेल देखने को मिला। कुछ युवकों ने एक युवक को घेरकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। जब एक अन्य युवक ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो दबंगों ने उसे भी नहीं बख्शा और सिर फोड़कर लहूलुहान कर दिया। घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।गांव रुहेरी चौराहे के पास दबंगों ने एक युवक को अचानक घेर लिया। देखते ही देखते उस पर लात-घूंसों की बौछार कर दी गई। युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन हमलावर लगातार हमला करते रहे। मौके पर मौजूद एक अन्य युवक ने मारपीट रोकने का प्रयास किया। लेकिन दबंगों का गुस्सा उस पर भी टूट पड़ा। आरोपियों ने उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में बीच-बचाव करने वाले युवक का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि खुलेआम हो रही ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। थाना हाथरस गेट प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।0
0
Report
204101
हाथरस में शादीशुदा महिला मोबाइल टावर पर चढ़ी, 3 घंटे बाद प्रेमी के समझाने पर उतरी VIDEO
Hathras, Uttar Pradesh:हाथरस में सासनी कोतवाली क्षेत्र के लुटसान रोड पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 30 वर्षीय विवाहिता जान की परवाह किए बिना मोबाइल टॉवर के शिखर पर जा पहुंची। महिला करीब 100 फीट की ऊंचाई पर चोटी पर बैठ गई और जिद करने लगी कि उसकी शादी उसके प्रेमी से कराई जाए। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीएम की मौजूदगी में करीब 180 मिनट तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि महिला पूजा प्रेमी से शादी करने की जिद को लेकर टॉवर पर चढ़ गई थी। परिजनों और अधिकारियों द्वारा लगातार समझाने के बाद आखिरकार वह नीचे उतरने को तैयार हुई। बताया जा रहा है कि महिला की मानसिक स्थिति सामान्य है और वह शांत भाव से टॉवर की चोटी पर बैठी रही। लुटसान रोड स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ी महिला की पहचान 30 वर्षीय पूजा, पत्नी यशपाल, निवासी बरमाना गांव (हाथरस जंक्शन क्षेत्र) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपनी ससुराल से निकलकर सीधे टॉवर पर चढ़ गई और सबसे ऊपरी हिस्से पर जाकर बैठ गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, जिसके बाद वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। टॉवर पर बैठने के बाद पूजा ने अपने मायके वालों को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही उसके पिता राजेंद्र और भाई मौके पर पहुंच गए। परिजन लगातार फोन के जरिए उसे नीचे उतरने के लिए मनाते रहे। पिता ने बताया कि पूजा की शादी दो साल पहले हुई थी और फिलहाल उसके इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम नीरज शर्मा और कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम भी बचाव कार्य के लिए तैयार रही, लेकिन महिला के आक्रामक रुख को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद ही पूरे मामले की असल वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल अधिकारी और परिजन उसे समझाने में जुटे हैं। सासनी एसडीएम नीरज शर्मा ने बताया" हमारी पहली प्राथमिकता महिला की जान बचाना थी। मौके पर फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को अलर्ट मोड पर रखा गया था। प्रारंभिक जांच में प्रेमी से शादी की जिद की बात सामने आई है। मामले की जांच कोतवाली पुलिस द्वारा की जा रही है।0
0
Report
Advertisement
204101
सासनी में भाजपा की महिला जन आक्रोश पदयात्रा, सपा-कांग्रेस का फूंका पुतला
Hathras, Uttar Pradesh:हाथरस के सासनी में 28 अप्रैल 2026 को महिला आरक्षण विधेयक और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सियासत गरमा गई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला कार्यकर्ताओं ने सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर और जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में "महिला जन आक्रोश पदयात्रा" निकाली। यह पदयात्रा तहसील सासनी के मुख्य गेट पर समाप्त हुई, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने विपक्षी दलों पर महिला अधिकारों की अनदेखी करने और महिला आरक्षण विधेयक में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। इस अवसर पर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "परिवारवादी दल नहीं चाहते कि महिलाएं राजनीति में आएं। सपा-कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण के विरोधी रहे हैं। ये लोग महिलाओं के अधिकारों पर वार कर रहे हैं और इनका चरित्र महिला विरोधी है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में निकली इस पदयात्रा में भारी संख्या में महिला कार्यकर्ता तख्तियां और बैनर लेकर शामिल हुईं। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह सहित अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे। भाजपा का आरोप है कि संसद में महिला आरक्षण के दौरान विपक्षी दलों ने आधी आबादी को उनकी भागीदारी से दूर रखने की साजिश रची थी। पुतला दहन की सूचना मिलते ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रदर्शनकारियों ने तहसील गेट के सामने जमकर नारेबाजी की।0
0
Report
204101
हाथरस में 70 वर्षीय रिटायर्ड कर्मी की बेरहमी से हत्या, घर में अकेले रहते थे जगदीश शर्मा
Hathras, Uttar Pradesh:हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में एक सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मी की हत्या कर दी गई। उनका रक्त रंजित शव आज सुबह चारपाई पर मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 70 वर्षीय जगदीश प्रसाद शर्मा पुत्र बंगालीमल शर्मा के रूप में हुई है। उनके सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर वार के निशान थे, जिससे स्पष्ट है कि उनकी हत्या की गई है। जगदीश शर्मा स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। कोरोना काल में उनकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह अपने घर में अकेले रहते थे। उनका कोई बेटा नहीं था और उन्होंने अपनी बेटी की शादी कर दी थी। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच पड़ताल की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मृतक के भाई ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और किसी करीबी पर हत्या का संदेह जताया जा रहा है।0
0
Report
