महिलाओं का सब्र टूटा, निजी कंपनी के कर्मचारी को बनाया बंधक
कुशीनगर। जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा बेंकटपुर कोठी में लंबे समय से दबाई जा रही ठगी की चिंगारी आज खुली आग बनकर भड़क उठी। निजी कंपनी की कथित धोखाधड़ी से आजिज़ महिलाओं का आक्रोश इस कदर फूटा कि उन्होंने कंपनी के एक कर्मचारी को चारों ओर से घेरकर बंधक बना लिया। महिलाओं का आरोप है कि उनसे पूरी रकम वसूल की गई, लेकिन बदले में जानबूझकर अधूरा और कम सामान थमा दिया गया। विरोध और शिकायत पर समाधान के बजाय उन्हें महीनों तक टालमटोल, झूठे आश्वासनों और बदसलूकी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि यह कोई एक दिन की धोखाधड़ी नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से लंबे समय से की जा रही ठगी है, जिसे आज गांव की महिलाओं ने खुलेआम बेनकाब कर दिया।
सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद कर्मचारी को महिलाओं के चंगुल से बाहर निकाला। पुलिस की मौजूदगी में भी महिलाओं का आक्रोश कम नहीं हुआ। महिलाओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि ठगी करने वाली कंपनी पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क से लेकर थाना तक आंदोलन करेंगी।
हमें फेसबुक पर लाइक करें, ट्विटर पर फॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब्ड करें ताकि आप ताजा खबरें और लाइव अपडेट्स प्राप्त कर सकें| और यदि आप विस्तार से पढ़ना चाहते हैं तो https://pinewz.com/hindi से जुड़े और पाए अपने इलाके की हर छोटी सी छोटी खबर|