पडरौना के घनी आबादी में भीषण आग, गोदाम जलकर खाक
कुशीनगर। जिले के पडरौना नगर में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब घनी आबादी के बीच स्थित एक गोदाम में भीषण आग भड़क उठी। शाम करीब पांच बजे उठी लपटों ने देखते ही देखते ऐसा विकराल रूप लिया कि करीब 200 मीटर तक काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया। धुएं और आग की ऊंची लपटों ने आसपास के लोगों में दहशत फैला दी।
आग न्यू मद्धेशिया रस्सी भंडार के उस गोदाम में लगी, जहां प्लास्टिक के झाड़ू, रस्सी, त्रिपाल और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़े पैमाने पर भंडारित थी। बताया जा रहा है कि गोदाम मनीष जायसवाल के मैरिज हॉल ‘शिवराम पैलेस’ के पीछे स्थित है। ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और गोदाम धू-धू कर जलने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पडरौना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में जुटे रहे। एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों और दुकानों को खाली कराया गया, ताकि कोई जनहानि न हो।आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
हमें फेसबुक पर लाइक करें, ट्विटर पर फॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब्ड करें ताकि आप ताजा खबरें और लाइव अपडेट्स प्राप्त कर सकें| और यदि आप विस्तार से पढ़ना चाहते हैं तो https://pinewz.com/hindi से जुड़े और पाए अपने इलाके की हर छोटी सी छोटी खबर|