सीबीगंज की सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर इनकम टैक्स का छापा
बरेली: शहर के औद्योगिक क्षेत्र सीबीगंज में स्थित सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर इनकम टैक्स विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया।देर रात करीब नौ बजे कई वाहनों से पहुंची टीम ने फैक्ट्री परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी, जो देर रात तक जारी रही। बताया जा रहा है कि इनकम टैक्स अधिकारियों की टीम सीधे फैक्ट्री के मुख्य गेट पर पहुंची और अंदर प्रवेश करते ही दस्तावेजों व लेखा-जोखा से जुड़े रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए। छापेमारी की सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन और कर्मचारियों में खलबली मच गई। मौके पर स्थानीय पुलिस भी सतर्क दिखाई दी। वहीं, सीबीगंज इंस्पेक्टर प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि इस कार्रवाई की उन्हें पूर्व में कोई जानकारी नहीं थी। सूत्रों के अनुसार, टीम ने फैक्ट्री मैनेजर सहित कुछ अन्य पदाधिकारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। डिजिटल जांच के माध्यम से वित्तीय लेनदेन और संभावित कर अनियमितताओं की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा कंप्यूटर सिस्टम और अकाउंट सेक्शन से संबंधित फाइलों की भी गहन जांच की जा रही है। हालांकि, फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे कर्मचारियों को पूरी तरह नहीं रोका गया है। आवश्यक उत्पादन कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए सीमित आवाजाही की अनुमति दी गई है। फिलहाल इनकम टैक्स विभाग की ओर से किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। माना जा रहा है कि विभाग को कर चोरी या आय से अधिक संपत्ति के संबंध में अहम इनपुट प्राप्त हुए थे, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, कई और खुलासे सामने आने की संभावना है। फिलहाल सीबीगंज की इस बड़ी फैक्ट्री पर पड़े छापे ने शहर के कारोबारी हलकों में हलचल तेज कर दी है।
हमें फेसबुक पर लाइक करें, ट्विटर पर फॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब्ड करें ताकि आप ताजा खबरें और लाइव अपडेट्स प्राप्त कर सकें| और यदि आप विस्तार से पढ़ना चाहते हैं तो https://pinewz.com/hindi से जुड़े और पाए अपने इलाके की हर छोटी सी छोटी खबर|