संविधान देने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, होली गेट पर हुआ जोरदार प्रदर्शन
मथुरा में कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को संविधान की प्रति सौंपने के उद्देश्य से वृंदावन जा रहे थे। यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण बताए जाने के बावजूद रास्ते में ही विवाद का रूप ले बैठा।
जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता सेठवाड़ा स्थित पार्टी कार्यालय से निकलकर वृंदावन की ओर बढ़े, तभी होली गेट पर शहर कोतवाल ने भारी पुलिस बल के साथ उन्हें रोक लिया।
पुलिस द्वारा रोके जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और मौके पर ही संघ और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कांग्रेसी कार्यकर्ता होली गेट पर धरने पर बैठ गए। जिला अध्यक्ष मुकेश धनगर ने आरोप लगाया कि वे लोकतांत्रिक तरीके से आरएसएस प्रमुख को संविधान की प्रति भेंट कर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन भाजपा और संघ के इशारे पर पुलिस ने उन्हें रोककर लोकतंत्र की हत्या की है।
मुकेश धनगर ने कहा कि विपक्ष को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन वर्तमान सरकार में विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताते हुए इसकी निंदा की। धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और खींचतान भी देखने को मिली, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस बल भी सतर्क नजर आया। इसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने होली गेट क्षेत्र में पैदल मार्च करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
काफी देर बाद हालात सामान्य हुए, लेकिन कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन होता रहा तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
हमें फेसबुक पर लाइक करें, ट्विटर पर फॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब्ड करें ताकि आप ताजा खबरें और लाइव अपडेट्स प्राप्त कर सकें| और यदि आप विस्तार से पढ़ना चाहते हैं तो https://pinewz.com/hindi से जुड़े और पाए अपने इलाके की हर छोटी सी छोटी खबर|