पट्टा निरस्त करो, के नारे साथ मुसहर समाज ने किया कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
कुशीनगर। जनपद के दुदही विकासखंड के ग्राम पंचायत लोहारपट्टी टोला चिरकुटहां में सामुदायिक बंजर भूमि के कथित अवैध पट्टे को लेकर मुसहर समाज का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर दिखाई दिया। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं-पुरुष कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विवादित पट्टे को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि मुसहर बस्ती के बीच स्थित आराजी संख्या 358 की नवीन परती एवं बंजर भूमि का वर्षों से समाज द्वारा शादी-विवाह, सामाजिक बैठक और अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग किया जाता रहा है। समाज के लोगों ने अपने संसाधनों से इस भूमि की चारदीवारी भी कराई थी, ताकि यह सामूहिक उपयोग के लिए सुरक्षित रह सके।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम प्रधान ने कथित रूप से लगभग छह लाख रुपये लेकर उक्त भूमि का कृषि पट्टा ग्राम पंचायत निवासी कन्हई कुशवाहा के नाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह भूमि किसी एक व्यक्ति को देने योग्य नहीं थी, क्योंकि यह पूरे मुसहर समाज की सामाजिक गतिविधियों का केंद्र रही है।
ग्रामीणों ने यह सवाल उठाया कि जिनके नाम पट्टा किया गया है, उनके परिवार के सदस्य विदेश में रहकर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं, ऐसे में समाज की साझा जमीन का व्यक्तिगत लाभ के लिए हस्तांतरण न्याय और नियमों के खिलाफ है। मुसहर समाज ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, विवादित पट्टा निरस्त किया जाए और भूमि को ग्राम पंचायत के नाम सुरक्षित रखा जाए, ताकि भविष्य में भी यह जमीन समाज के सार्वजनिक उपयोग में आती रहे।कलेक्ट्रेट परिसर में जुटे ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो वे व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
हमें फेसबुक पर लाइक करें, ट्विटर पर फॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब्ड करें ताकि आप ताजा खबरें और लाइव अपडेट्स प्राप्त कर सकें| और यदि आप विस्तार से पढ़ना चाहते हैं तो https://pinewz.com/hindi से जुड़े और पाए अपने इलाके की हर छोटी सी छोटी खबर|