हत्याकांड का खुलासा, ढाई लाख के विवाद में दोस्ती बनी दुश्मनी,बहन-भाई ने मिलकर युवक की गला दबाकर हत्या की, शव गंगा में फेंका
गाजीपुर में दोस्ती, भरोसा और रिश्तों के पीछे छिपी साजिश ने एक युवक की जान ले ली। ढाई लाख रुपये के लेन-देन और कथित धमकियों से उपजे विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि बहन और भाई ने मिलकर युवक की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गंगा नदी में फेंक दिया।
इस पूरे मामले का खुलासा एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया है।
दरअसल गाजीपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के बारह बंगला निवासी मनोहर सिंह यादव के अपहरण की सूचना 9 फरवरी 2026 को परिजनों द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से 11 फरवरी को गंगा नदी से एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान मनोहर सिंह यादव के रूप में हुई। शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और हत्या व साक्ष्य मिटाने की धाराएँ बढ़ा दीं। जांच के क्रम में पुलिस ने मेदनीपुर, थाना सुहवल निवासी परीक्षित सिंह और उसकी बहन दीप सिंह को गिरफ्तार किया। प्रेस वार्ता में एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
बताया गया कि मृतक मनोहर सिंह यादव, दीप सिंह का पुराना परिचित था और कॉलेज के दिनों से दोनों के बीच जान-पहचान थी। आरोप है कि दीप सिंह ने एफडी तुड़वाकर मनोहर को करीब ढाई लाख रुपये उधार दिए थे, लेकिन मृतक मनोहर के द्वारा पैसे वापस नहीं किए जा रहे थे। साथ ही आरोप है कि मृतक द्वारा महिला को परेशान किया जा रहा था और बदनाम करने की धमकी दी जा रही थी। जिससे विवाद बढ़ता गया।
9 फरवरी की रात मनोहर सिंह यादव महिला को घर छोड़ने के बहाने गंगा नदी रेलवे पुल, सुहवल की ओर ले गया। वहीं पहले से मौजूद भाई परीक्षित सिंह ने पैसों को लेकर सवाल किया। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाई-बहन ने मिलकर युवक का गला दबाकर हत्या कर दी और शव गंगा नदी में फेंक दिया। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगा दी, बाइक को पुल पर खड़ा किया और मोबाइल, हेलमेट व चाबी नदी में फेंक दी। फिलहाल थाना कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
हमें फेसबुक पर लाइक करें, ट्विटर पर फॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब्ड करें ताकि आप ताजा खबरें और लाइव अपडेट्स प्राप्त कर सकें| और यदि आप विस्तार से पढ़ना चाहते हैं तो https://pinewz.com/hindi से जुड़े और पाए अपने इलाके की हर छोटी सी छोटी खबर|