274001
एक सप्ताह में दूसरी बार चोरों ने बनाया कम्पोजिट विद्यालय गौरीखुर्द को निशाना
Deoria, Uttar Pradesh:गौरीबाजार क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय गौरीखुर्द में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार चोरी की घटना सामने आने से विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। चोरों ने विद्यालय के किचन का ताला तोड़कर वहां रखा भरा हुआ गैस सिलेंडर चुरा लिया। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, 22 जून 2026 को रसोइया द्वारा सूचना दी गई कि रात के दौरान अज्ञात चोरों ने विद्यालय के रसोईघर का ताला तोड़ दिया और मिड-डे मील में उपयोग होने वाला भरा गैस सिलेंडर उठा ले गए। बताया गया कि बीते सात दिनों के भीतर विद्यालय में यह दूसरी चोरी की घटना है, जिससे विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। विद्यालय प्रशासन ने मामले की लिखित सूचना थाना गौरी बाजार को देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।0
0
Report
274001
गौरीबाजार में तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक युवकों को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर
Deoria, Uttar Pradesh:गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर गौरीखुर्द गांव के समीप बुधवार दोपहर लेन बदलने के दौरान तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया । जानकारी के अनुसार, बाइक सवार गौरीबाजार की ओर आ रहे थे। इसी दौरान गौरीखुर्द के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने लेन बदलते समय बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान थाना क्षेत्र के पथरहट निवासी रोशन सिंह (40) पुत्र विजय प्रकाश तथा सांडा निवासी राहुल सिंह (45) पुत्र सुरेंद्र प्रताप के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीबाजार पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया। जहा घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।0
0
Report
274001
डीएम ने सीएचसी तरकुलवा का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत
Deoria, Uttar Pradesh:देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार प्रातः करीब 8 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तरकुलवा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित मिले, जबकि कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता को अनुपस्थित कर्मियों को चेतावनी देने तथा समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जांच कराने आई एक गर्भवती महिला के मातृ-शिशु सुरक्षा कार्ड का अवलोकन किया गया तथा उनका शुगर एवं ब्लड टेस्ट कराया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित आशा कार्यकर्ता को निर्देशित किया कि जांच से संबंधित सभी विवरण मातृ-शिशु कार्ड में अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं एएनएम (थ्री-ए) को ग्राम स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण समिति (वीएचएसएनसी) सत्रों में सक्रिय रखा जाए तथा नियमित क्षेत्र भ्रमण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (एचईओ) एवं एआरओ को भी क्षेत्र भ्रमण और स्वास्थ्य सत्रों में नियमित सहभागिता के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ड्यू लिस्ट का सत्यापन नियमित रूप से किया जाए तथा गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों का निर्धारित रोस्टर के अनुसार समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। मातृ-शिशु कार्डों को शत-प्रतिशत अद्यतन रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, प्रसव कक्ष, पंजीकरण काउंटर, दवा वितरण केंद्र सहित अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया तथा उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। उन्होंने कर्मचारियों को समय से अस्पताल पहुंचने, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।0
0
Report
Advertisement
274001
विशेष शिविर में 25 श्रमिकों का पंजीयन, योजनाओं की दी गई जानकारी
Deoria, Uttar Pradesh:श्रमिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें विभिन्न सुविधाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा देवरिया सदर विकास खंड के भजुमाव गांव स्थित पंचायत सभागार में विशेष पंजीयन एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जीरो पावर्टी परिवारों, मनरेगा जॉब कार्ड धारक श्रमिकों तथा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिकों को जागरूक करते हुए उनका पंजीयन कराया गया। सहायक श्रमायुक्त स्कंद कुमार मिश्र के निर्देशन में आयोजित शिविर में श्रम विभाग के कर्मचारी सुधाकर पाण्डेय ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों को पंजीयन कराने के साथ ही समय-समय पर उसका नवीनीकरण कराने के लिए प्रेरित किया, जिससे वे विभाग की योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें। शिविर के दौरान कुल 25 श्रमिकों का पंजीयन किया गया। सुधाकर पाण्डेय ने बताया कि श्रमिक पंजीयन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड तथा नियोजन प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक अभिलेखों के साथ निकटतम जनसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। अधिकारियों ने कहा कि श्रम विभाग द्वारा ऐसे जागरूकता एवं पंजीयन शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा सके।0
0
Report
274001
शिक्षकों के कौशल संवर्धन हेतु एसबीटी पब्लिक स्कूल में एजुकेशनल वर्कशॉप आयोजित
Deoria, Uttar Pradesh:ग़ौरीबाजार क्षेत्र के बख़रा विशुनपुरा स्थित एसबीटी पब्लिक स्कूल में शिक्षकों के व्यावसायिक विकास एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय एजुकेशनल वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय प्रभावी कक्षा प्रबंधन रहा, जिसमें प्रशिक्षक प्रिया सेंगर ने शिक्षकों को विभिन्न व्यावहारिक उदाहरणों एवं गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यशाला के दौरान कक्षा में अनुशासन बनाए रखने, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने, सकारात्मक शिक्षण वातावरण विकसित करने तथा आधुनिक शिक्षण तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षक प्रिया सेंगर ने कहा कि प्रभावी कक्षा प्रबंधन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला है और इसके माध्यम से विद्यार्थियों के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. आशा तिवारी ने कहा कि समय-समय पर आयोजित होने वाली ऐसी कार्यशालाएं शिक्षकों के ज्ञान, दक्षता एवं शिक्षण कौशल को अद्यतन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने शिक्षकों से कार्यशाला में प्राप्त नवीन जानकारियों और तकनीकों को नियमित शिक्षण कार्य में अपनाने का आह्वान किया। कार्यशाला के सफल आयोजन पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से एमबीडी ग्रुप के जनरल मैनेजर दीपक मिश्रा एवं प्रशिक्षक प्रिया सेंगर को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर एमबीडी ग्रुप के जनरल मैनेजर दीपक मिश्रा, विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. आशा तिवारी, प्रशासक दिवाकर पांडेय, मुख्य समन्वयक अंबरीश त्रिपाठी, अबू दानिश सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।0
0
Report
