176215सीयू हिमाचल सेना जवानों के लिए चीनी भाषा कोर्स शुरू करेगा
VKVipan Kumar
Oct 18, 2025 13:41:39
Dharamshala, Himachal Pradesh
अब सेना के जवान सीखेंगे चीनी भाषा, सीयू धर्मशाला बनेगा देश का पहला केंद्र
अगले सत्र से छह माह का कोर्स, मंजूरी के लिए प्रस्ताव केंद्र के पास भेजा
भारत–चिन्सा सीमा पर तैनात सैनिक अब बेहद अहम भाषा कौशल के साथ मैदान में उतरेंगे। केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश (सीयू) ने सेना के जवानों के लिए विशेष चीनी भाषा कोर्स शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद (ईसी) इस प्रस्ताव को पहले ही पास कर चुकी है और अब इसे अंतिम स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा गया है। उम्मीद है कि अगले शैक्षणिक सत्र से यह कोर्स औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा।
शुरूआती दौर में यह कोर्स छह माह का होगा और जवानों की मांग पर इसे एक और दो वर्ष का भी किया जा सकेगा। गौरतलब है कि केंद्र सरकार और राजभवन से केंद्रीय विश्वविद्यालय की ओर से सेंट्रल यूनिवर्सिटी को इस संदर्भ में दिशानिर्देश हुए थे, साथ ही यह भी कहा गया था कि इसमें सेंट्रल यूनिवर्सिटी इसमें अपनी अग्रणी भूमिका निभाए। जिस पर केंद्रीय विश्वविद्यालय ने इस कार्य शुरू करते हुए इस मामले को ईसी की बैठक में उठाया था, जहां इसे पास कर दिया गया है। वहीं अब इसे केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय को स्वीकृति हेतू भेजा गया है। हिमाचल के सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सैन्य जवानों को चीनी भाषा का ज्ञान होना चाहिए। इसकी जरूरत महसूस की जा रही थी, अब इस दिशा में केंद्रीय विश्वविद्यालय ने पहल कर दी है। केंद्रीय विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. सत प्रकाश बंसल ने विशेष बातचीत में बताया कि देश के बॉर्डर एरिया में तैनात सैन्य जवानों को कम से कम चीनी भाषा बोलनी आनी चाहिए। ऐसे में यह कोर्स शुरू किया जाना चाहिए। केंद्रीय विश्वविद्यालय पहले से विदेशी भाषाओं के कोर्स शुरू करने जा रहा था। ईसी की बैठक में चीनी भाषा में कोर्स शुरू करने का मामला पास हो गया है, जिसे केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को स्वीकृति हेतू भेजा जा रहा है। उम्मीद है केंद्र सरकार से इस बारे में मंजूरी मिल जाएगी तथा अगले शैक्षणिक सत्र से चीनी भाषा का सर्टिफिकेट व डिप्लोमा कोर्स शुरू किए जाएंगे।
सैन्य और पर्यटन की दृष्टि से फायदेमंद
प्रो. बंसल का कहना है कि हमारे सामने कई ऐसे उदाहरण आए थे, जिसमें भारतीय सैन्य जवानों को चीनी भाषा का ज्ञान न होने के चलते काफी नुकसान पहुंचा था। भारतीय जवानों को चीनी भाषा का ज्ञान होने से सुविधा होगी। साथ ही पर्यटन की दृष्टि से भी चीनी भाषा का कोर्स फायदेमंद साबित होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय विश्वविद्यालय में चीनी भाषा विभाग शुरू किया है। फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश व चीनी भाषा के लिए गेस्ट फेक्लटी की व्यवस्था की जाएगी।
चीनी पढ़ाने वाली सीयू होगा पहला संस्थान
बकौल प्रो. बंसल केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश पहला विश्वविद्यालय है, जिसमें आर्मी जवानों के लिए चीनी भाषा का कोर्स शुरू किया जा रहा है। आर्मी जवानों के साथ अन्य युवाओं के लिए यह भी कोर्स उपलब्ध होगी। शुरूआती दौर में यह कोर्स ऑफलाइन मोड में छह माह का होगा, समय के साथ इसे एक वर्ष के डिप्लोमा में परिवर्तित किया जाएगा। जब केंद्रीय विश्वविद्यालय को चीनी भाषा का पूरा विभाग मिल जाएगा, उसके बाद इस कोर्स को दो वर्ष का भी किया जाएगा। ऐसा प्रावधान किया जाएगा कि सैन्य जवान अपनी डयूटी करते हुए इस कोर्स को कर पाएंगे।
0हमें फेसबुक पर लाइक करें, ट्विटर पर फॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब्ड करें ताकि आप ताजा खबरें और लाइव अपडेट्स प्राप्त कर सकें| और यदि आप विस्तार से पढ़ना चाहते हैं तो https://pinewz.com/hindi से जुड़े और पाए अपने इलाके की हर छोटी सी छोटी खबर|