230001
श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में हुए शामिल
Bela Pratapgarh, Uttar Pradesh:प्रतापगढ़। धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति की पावन परंपरा से जुड़े श्रीमद्भागवत कथा आयोजन में शामिल होने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू प्रतापगढ़ पहुंचे। उन्होंने आयोजक सौरभ पांडेय के यहां आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सहभागिता की और भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कथा स्थल पर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिकता का सुंदर संगम देखने को मिला। भजन-कीर्तन और भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं और उनके उपदेश मनुष्य को सत्य, धर्म, प्रेम, करुणा और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों तथा धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजक सौरभ पांडेय के इस प्रयास की सराहना की। तोखन साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश और प्रदेश सुरक्षित हाथों में हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास और सुशासन को गति मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों, जरूरतमंदों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शहरी विकास के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। शहरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता, सड़क, आवास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि योजना के तहत 1 करोड़ 28 लाख मकानों का निर्माण कराया गया है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि अपना घर प्रत्येक परिवार के सम्मान और सुरक्षित भविष्य का आधार होता है। राजनीतिक चर्चा के दौरान तोखन साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि 200 सीटों से घटकर 26 सीटों पर पहुंचना उसकी गिरती राजनीतिक स्थिति को दर्शाता है। कांग्रेस को डूबती हुई नाव बताते हुए उन्होंने कहा कि जो भी इसमें बैठेगा, वह भी डूब जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता विकास और मजबूत नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है। प्रतापगढ़ में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का यह आयोजन भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति के प्रति श्रद्धा का सुंदर उदाहरण बना।0
0
Report
No more articles to load
