210427महाशिवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा पर दिये सख्त निर्देश -ADG
Mahoba, Uttar Pradesh:एडीजी प्रयागराज जोन का महोबा दौरा, कानून व्यवस्था के संबंध में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की साथ ही ऐतिहासिक माँ बड़ी चण्डिका धाम का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश ।
आज अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण का महोबा आगमन हुआ। पुलिस लाइन में सुसज्जित गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई। इसके तत्पश्चात पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूट धाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. एवं पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह की उपस्थिति में पुलिस लाइन अवस्थित सभाकक्ष में जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई ।
बैठक में आगामी महाशिवरात्रि होली एवं प्रचलित सूर्य महोत्सव के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक एवं बिंदुवार समीक्षा की गई। जनपद में घटित अपराधों की स्थिति लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, वांछित/इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की विशेष निगरानी, प्रभावी गश्त, रात्रि पेट्रोलिंग, यातायात प्रबंधन, भीड़-नियंत्रण, सीसीटीवी मॉनिटरिंग तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
वही अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा निर्देशित किया गया कि त्योहारों के दौरान जनसहभागिता एवं जनसंवाद को प्राथमिकता देते हुए पुलिस की दृश्यमान उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग एवं आपातकालीन व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित की जाएं। समीक्षा उपरांत अधिकारियों द्वारा महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जनपद महोबा स्थित ऐतिहासिक शक्तिपीठ माँ बड़ी चण्डिका धाम का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, भीड़-प्रबंधन योजना एवं नियंत्रण कक्ष की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया तथा मंदिर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के संबंध में पुजारी से संवाद भी किया गया।
0