232105
रोटावेटर की चपेट में आने से एक युवक की मौत , पुलिस ने ट्रेक्टर मालिक और ड्राइवर पर मुकदमा किया दर्ज
Dhanapur, Uttar Pradesh:चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में रोटावेटर की चपेट में आने से एक युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के भाई ने ट्रैक्टर चालक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस संबंध में ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना बीते सोमवार शाम करीब 6:30 बजे नौली गांव के उत्तर दिशा में स्थित सिवान में खेत की जुताई के दौरान हुई थी। तोरवा गांव निवासी स्वर्गीय शमशेर सिंह के 30 वर्षीय पुत्र नीलेश सिंह की रोटावेटर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के समय नौली गांव निवासी दीपक सिंह 'मटरू' का ट्रैक्टर तोरवा गांव निवासी हरिमोहन सिंह चला रहे थे। नीलेश सिंह भी ट्रैक्टर पर बैठा था। जुताई के दौरान वह अचानक नीचे गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आ गया। मृतक नीलेश सिंह के बड़े भाई नीरज सिंह ने अब ट्रैक्टर चालक हरिमोहन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नीरज सिंह का कहना है कि हरिमोहन सिंह ने उनके भाई को धक्का देकर ट्रैक्टर से गिरा दिया और उसकी हत्या कर दी। उन्होंने इस घटना के पीछे पुराने विवाद को कारण बताया है। रामप्रताप सिंह की तहरीर पर धानापुर पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक दीपक सिंह पुत्र शिव शंकर सिंह निवासी नौली और ड्राइवर हरिमोहन सिंह निवासी तोरवा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 103(1) के तहत मामला पंजीकृत किया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। नीलेश सिंह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके दो बड़े भाई बाहर नौकरी करते हैं, जबकि नीलेश घर पर रहकर खेती-बाड़ी का काम संभालते थे। कुछ महीने पहले ही उनके दूसरे भाई की शादी हुई थी। थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि ट्रैक्टर से खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पर बैठा व्यक्ति अचानक गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। उन्होंने पुष्टि की कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।0
0
Report
No more articles to load
