icon-pinewzicon-zee
PINEWZ
become creator
Become a News Creator

Your local stories, Your voice

Follow us on
Download App fromplay-storeapp-store
Advertisement
Pinewz
261001
AsadJunedAsadJunedFollow9 Jul 2026, 06:39 am

सीतापुर: मन्नी चौराहे पर जलभराव की गंभीर समस्या, दो वर्षों से बदहाल हालात

Sitapur, Uttar Pradesh:सीतापुर नगर पालिका क्षेत्र के मन्नी चौराहे पर जलभराव की समस्या पिछले दो वर्षों से लगातार गंभीर बनी हुई है। हर वर्ष बरसात शुरू होते ही यहां की स्थिति और भी बदतर हो जाती है, लेकिन अब तक न तो सड़क की मरम्मत कराई गई और न ही नालों की समुचित सफाई व व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। हाल ही में हुई बारिश के बाद मन्नी चौराहे का हाल अत्यंत दयनीय हो गया है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और उनमें गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे मोटरसाइकिल, चार पहिया वाहन और पैदल चलने वालों का निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। यह मार्ग अत्यंत व्यस्त है और गोला व लखीमपुर मार्ग को जोड़ता है, जिससे दिनभर भारी आवागमन बना रहता है। स्कूल खुलने के बाद स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को मजबूरी में इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। आसपास के दुकानदार, व्यापारी और आम नागरिक इस समस्या से काफी परेशान हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पूर्व में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नालों और सड़कों का निरीक्षण किया गया था, लेकिन इसके बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का तत्काल संज्ञान लिया जाए और नालों की सफाई, सड़क मरम्मत सहित आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द से जल्द दुरुस्त की जाएं, ताकि आम राहगीरों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु रूप से हो सके।
0
0
Report
Pinewz
261001
AsadJunedAsadJunedFollow10 Jun 2026, 10:05 pm

पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति की समीक्षा बैठक संपन्न, पदाधिकारियों को मिले नियुक्ति पत्र व पहचान-पत्र

Sitapur, Uttar Pradesh:सीतापुर। जनपद सीतापुर में एक रेस्टोरेंट में ऑल इंडिया पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति (पंजीकृत) की अति आवश्यक समीक्षा बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारियों और पत्रकारों ने भाग लिया। जानकारी के अनुसार, सीतापुर-लखनऊ हाईवे स्थित जनता रेस्टोरेंट में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष बिनोद वर्मा ने की। बैठक में सीतापुर, लखीमपुर, शाहजहांपुर, सिद्धार्थनगर, हरदोई और लखनऊ सहित कई जिलों के पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समीक्षा बैठक में संगठन के विस्तार पर विशेष चर्चा की गई। अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़कर सभी जनपदों में जिला कमेटियों का शीघ्र गठन करने का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किया गया। साथ ही सभी जिलों में जल्द बैठक आयोजित कर संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र एवं पहचान-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। इसके अलावा सर्वसम्मति से अगली बैठक लखीमपुर में आयोजित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस अवसर पर प्रताप तिवारी, राशिद खान, आशिफ खान, विकास मिश्र, पूजा त्रिपाठी, साधना शर्मा, राजेश शर्मा, अंदेश कुमार, अनुज कुमार यादव, संजय भारती, अजमुद्दीन सिद्दीकी, दानिश कुरैशी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।लखनऊ मंडल मीडीया प्रभारी असद जुनैद
0
0
Report
Advertisement
Pinewz
261001
AsadJunedAsadJunedFollow8 Jun 2026, 08:07 pm

सीतापुर में पुलिस महानिरीक्षक का औचक निरीक्षण, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Sitapur, Uttar Pradesh:सीतापुर, 08 जून 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस ने सोमवार को जनपद सीतापुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सूर्यबख्श सिंह इंटर कॉलेज (थाना कमलापुर), आरएमपी इंटर कॉलेज (कनवाखेड़ा रोड) तथा उजागर लाल इंटर कॉलेज, सीतापुर का भ्रमण किया गया। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधाओं, सुरक्षा इंतजामों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को परखा गया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया गया, वहीं आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इसके बाद खैराबाद थाने का औचक निरीक्षण किया गया। थाने में महिला हेल्प डेस्क, कार्यालय, मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, बंदी गृह, मेस, आरक्षी बैरक सहित पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया गया। अभिलेखों एवं ड्यूटी रजिस्टर की जांच करते हुए उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ करने के लिए निर्देशित किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सीतापुर, प्रभारी निरीक्षक खैराबाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
0
0
Report
Pinewz
261001
AsadJunedAsadJunedFollow8 Jun 2026, 03:21 pm

स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक सुधारों पर मंथन, चिकित्सकों व आशा कार्यकर्त्रियों का हुआ भव्य सम्मान

Sitapur, Uttar Pradesh:सीतापुर,! केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में खैराबाद स्थित भूभिजा हाल में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा कार्यकर्त्रियों के सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं स्वास्थ्य सेवाओं में हुए ऐतिहासिक सुधारों को जन-जन तक पहुंचाना रहा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों पर चर्चा की और जनसेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। प्रदर्शनी में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, मिशन इंद्रधनुष, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, जननी सुरक्षा योजना, परिवार कल्याण कार्यक्रम सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. राजकिशोर टंडन तथा प्रख्यात नेत्र चिकित्सक डॉ. रेखा गोयल को स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, स्टाफ नर्सों, एएनएम एवं आशा कार्यकर्त्रियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि स्वस्थ समाज ही देश और प्रदेश के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा निभाई गई भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और सेवा भावना ने मानवता की मिसाल पेश की। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु ने आशा कार्यकर्त्रियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में मजबूत कड़ी का कार्य कर रही हैं। सांसद मिश्रिख अशोक कुमार रावत ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव हुए हैं और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीबों को बड़ी राहत मिली है। वहीं विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थागत प्रसव, टीकाकरण एवं रोग नियंत्रण के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा कार्यकर्त्रियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने गए। जनप्रतिनिधियों ने इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
0
0
Report
Advertisement
Back to top