203412
लगातार दूसरे दिन तड़के से बरसे बदरा, जगह-जगह जलभराव से बढ़ी परेशानी
Siyana, Uttar Pradesh:स्याना। नगर में लगातार दूसरे दिन रविवार को तड़के से बारिश का सिलसिला जारी रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और लगातार हुई बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, लेकिन नगर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल भी खुल गई। जगह-जगह सड़कों और गलियों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय बारिश होने के कारण बाजार और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही प्रभावित रही। नगर के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर बहता नजर आया। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई लोग पानी से होकर निकलने को मजबूर रहे। नगरवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या हर बार सामने आती है। कई स्थानों पर नालियों में गंदगी और सिल्ट जमा होने के कारण बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पाता है। कुछ ही देर की बारिश में नगर की सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। प्रमुख बाजारों में जलभराव होने से दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ी। दुकानों के सामने पानी जमा होने के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित रही। व्यापारियों ने बताया कि बारिश के दौरान पानी निकासी की समस्या के चलते कारोबार प्रभावित होता है। कई बार पानी दुकानों के बाहर तक पहुंच जाता है, जिससे सामान खराब होने का खतरा बना रहता है। लगातार दूसरे दिन हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण उमस से राहत मिली। सुबह बारिश के बाद मौसम काफी सुहावना हो गया। बच्चे और युवा मौसम का आनंद लेते नजर आए। हालांकि, बारिश के साथ जगह-जगह जलभराव और कीचड़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। नगरवासियों ने प्रशासन से जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश से पहले नालियों की सफाई और पानी की निकासी के इंतजाम कर दिए जाएं तो हर साल होने वाली परेशानी से काफी हद तक निजात मिल सकती है। नगर पालिका ईओ सेवाराम राजभर ने कहा कि जलभराव होने पर तत्काल सफाईकर्मियों को भेजकर पानी की निकासी कराई गई है।0
0
Report
203412
चीनी के बढ़ते दामों पर प्रशासन सख्त, थोक विक्रेताओं के यहां की छापेमारी
Siyana, Uttar Pradesh:स्याना। चीनी के लगातार बढ़ रहे दामों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम लालजी विश्वकर्मा ने थोक चीनी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर अचानक छापेमारी कर स्टॉक की जांच की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही थोक विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने करीब आधा दर्जन थोक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर उपलब्ध चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराया। इसके बाद स्टॉक का मिलान संबंधित अभिलेखों से किया गया। उन्होंने बताया कि जांच की कार्रवाई अभी जारी है। प्रारंभिक जांच में अधिकांश स्थानों पर स्टॉक का मिलान अभिलेखों के अनुसार सही पाया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य चीनी की कृत्रिम कमी पैदा कर उसके दाम बढ़ाने और अनावश्यक मुनाफाखोरी पर अंकुश लगाना है। एसडीएम ने बताया कि जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर लगातार नजर रखी जा रही है।0
0
Report
203412
संविधान से समझौता नहीं, राष्ट्रहित पर राजनीति नहीं — VSHF ने सरकार से मांगा जवाब
Siyana, Uttar Pradesh:स्याना। विश्व सनातन हिन्दू फाउंडेशन (VSHF) के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश चौहान के नेतृत्व में आज उपजिलाधिकारी, स्याना के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रपति के नाम एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में संविधान की मूल भावना, सामाजिक समरसता, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, समान अवसर तथा राष्ट्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। इस अवसर पर ज्ञानेश चौहान ने कहा कि "यदि देश में संविधान की मूल भावना, समान अवसर और सामाजिक समरसता पर निरंतर प्रश्नचिह्न खड़े होते रहेंगे, तो यह किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह कानून का निष्पक्ष पालन सुनिश्चित करे और किसी भी प्रकार की जातीय घृणा, सामाजिक वैमनस्य अथवा राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के प्रति कठोर एवं समान कार्रवाई करे।" उन्होंने कहा कि देश का कानून सभी नागरिकों के लिए समान है और कानून के समक्ष किसी भी व्यक्ति, संगठन या समूह को विशेष संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। यदि हाल के घटनाक्रमों में किसी भी स्तर पर घृणा फैलाने, समाज को बांटने, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के संकेत मिले हैं, तो उनकी निष्पक्ष, उच्चस्तरीय एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए। ज्ञापन में वर्तमान आरक्षण व्यवस्था की व्यापक समीक्षा हेतु उच्चस्तरीय आयोग के गठन, आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर परिवारों के लिए प्रभावी अवसर सुनिश्चित करने, शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुख बनाने तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने के लिए ठोस एवं दीर्घकालिक नीति लागू करने की मांग की गई। ज्ञानेश चौहान ने कहा कि सरकार को इस ज्ञापन को केवल एक औपचारिक पत्र न मानकर देश के लाखों नागरिकों की संवैधानिक अपेक्षाओं की अभिव्यक्ति के रूप में देखना चाहिए। यदि जनहित एवं राष्ट्रहित से जुड़े इन गंभीर विषयों पर समय रहते ठोस निर्णय नहीं लिए गए, तो संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर जनजागरण अभियान चलाने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्व सनातन हिन्दू फाउंडेशन का उद्देश्य किसी जाति, धर्म या समुदाय का विरोध करना नहीं, बल्कि संविधान की गरिमा, समान अधिकार, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित की रक्षा करना है। संगठन ने सरकार से अपेक्षा की कि ज्ञापन में उठाए गए प्रत्येक बिंदु पर गंभीरतापूर्वक विचार कर की गई कार्रवाई से संगठन को लिखित रूप में भी अवगत कराया जाए। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री नवनीत सिंह, जिला अध्यक्ष श्री गिरीश चौहान, उपाध्यक्ष श्री प्रवीण कुमार, श्री अनिल लोधी, श्री महेश शर्मा, श्री देविन कुमार, श्री मन्नू चौधरी, श्री कृष्ण कुमार स्याना तहसील अध्यक्ष जितेंद्र कुमार,मूलचंद,ललित कुमार,सुभाष,श्री आशीष चौहान सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।0
0
Report
Advertisement
203412
स्याना में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, लोगों को उमस से मिली राहत
Siyana, Uttar Pradesh:स्याना। मंगलवार को स्याना नगर और आसपास के क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में तेज बारिश का दौर चलता रहा। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडी हवाएं चलने से मौसम खुशनुमा हो गया। लोग घरों से निकलकर बारिश का आनंद लेते नजर आए। वहीं किसानों ने भी बारिश को खरीफ फसलों के लिए लाभदायक बताया। हालांकि, नगर के कुछ निचले इलाकों और सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मानसून के सक्रिय रहने तथा बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।0
0
Report
203412
व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस में दी जाए प्राथमिकता-संजय क्षोत्रिय
Siyana, Uttar Pradesh:--व्यापारी सुरक्षा फोरम की बैठक में उठी मांग स्याना। व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस प्राथमिकता के आधार पर जारी किए जाएं। प्रतिष्ठानों पर उपस्थित रहने के कारण व्यापारियों की लोकेशन सार्वजनिक रहती है तथा आपात स्थिति में सुरक्षा के दृष्टिगत उन्हें शस्त्र की वास्तविक आवश्यकता होती है। उपरोक्त बातें व्यापारी सुरक्षा फोरम के तहसील अध्यक्ष डॉ संजय क्षोत्रिय ने रविवार की देर शाम व्यापारी मुकेश भारद्वाज के आवास पर आयोजित व्यापारी सुरक्षा फोरम की मासिक बैठक में उपस्थित कार्यकारिणी पदाधिकारियों व सदस्यों को संबोधित करते हुए कही। नगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने आश्वस्त किया कि उक्त जायज मांग को जिलाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा। व्यापारी सुरक्षा फोरम के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक व्यापारियों की उक्त जायज मांग पहुंचाकर जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाने की मांग की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता स्याना इकाई संरक्षक रतनलाल अग्रवाल ने तथा संचालन तहसील अध्यक्ष डॉ संजय क्षोत्रिय ने किया। व्यापारी सुरक्षा फोरम के संगठनात्मक विकास, व्यापारियों के उत्पीड़न की समस्या के निदान आदि बिंदुओं पर बैठक में विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि किसी भी व्यापारी बंधु के साथ ज्यादती की शिकायत मिलते ही संगठन के सभी लोग मौके पर पहुंचकर व्यापारी के पक्ष में आवाज उठाएंगे, अन्याय किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जाएगा। नगर महामंत्री कपिल सिंघल ने कहा कि निचले स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक व्यापारी सुरक्षा फोरम संगठन की सभी इकाइयां पीड़ित व्यापारी के पक्ष में लामबंद होकर कार्य करेंगी, पीड़ित व्यापारी का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। बैठक में विकास शर्मा, बिजेंद्र कुमार, अनुज अग्रवाल, चमनप्रकाश गुप्ता, विनोद सिंघल, मोहित अग्रवाल व संजय कश्यप आदि मौजूद रहे।0
0
Report
